मक्का, सोयाबीन और उड़द की फसल का राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी कर रही जांच
देवरी। बीते दिनों क्षेत्र में हुई तेज बारिश और अतिवृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं फसल बीमा कंपनी की संयुक्त टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा शुरू कर दिया है। टीम द्वारा खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
संयुक्त टीम ने विकासखंड देवरी के ग्राम मंगेला, जमनापुर परासिया, हीरापुर खुर्द और समनापुर सेठ सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलभराव एवं अतिवृष्टि से प्रभावित मक्के की फसल का मौके पर निरीक्षण किया। वहीं ज्वाप, बरखेरी राजा और बरकोटी कलां गांवों में सोयाबीन एवं उड़द की फसल में हुए नुकसान का भी सर्वे किया गया। 
सर्वे के दौरान खेतों में पहुंची टीम ने फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा बीमा योजना के तहत हुए नुकसान से संबंधित आंकड़े दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा फसल क्षति का पंचनामा तैयार कर आवश्यक जानकारी संकलित की जा रही है।
अतिवृष्टि के कारण कई खेतों में जलभराव की स्थिति बनने से किसानों की खड़ी फसलों पर असर पड़ा है। संयुक्त टीम द्वारा किए जा रहे सर्वे के आधार पर फसल क्षति का आंकलन तैयार किया जाएगा, जिसके बाद पात्र किसानों को नियमानुसार राहत एवं बीमा संबंधी लाभ मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


