ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

स्कूल की सड़क बनी दलदल, छात्राओं ने गड्ढों में रोपे धान

कांसखेड़ा की बदहाल सड़क देखकर लगता है, जिम्मेदारों ने सड़क नहीं, धान की खेती के लिए खेत तैयार कर दिया है। बारिश में सड़क के गड्ढे पानी से भर गए तो छात्राओं ने उन्हीं गड्ढों में धान रोपकर जिम्मेदारों को आईना दिखा दिया। अब सवाल है—जब छात्राएं धान रोप सकती हैं, तो जिम्मेदार सड़क कब बनाएंगे?

देवरी :एमपी हिंदी न्यूज़

सागर जिले के देवरी जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा में स्कूल तक पहुंचने वाली सड़क की बदहाली अब छात्राओं के विरोध का कारण बन गई है। बारिश के बाद सड़क के गड्ढे पानी से भर गए और पूरा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया। परेशान छात्राओं ने प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए ऐसा अनोखा प्रदर्शन किया, जिसकी तस्वीरें अब चर्चा में हैं।

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सड़क के पानी से भरे गड्ढों में धान के पौधे रोप दिए। छात्राओं का कहना है कि जब सड़क पर चलना मुश्किल है और गड्ढों में पानी भरा है, तो उन्होंने उसी जगह धान रोपकर जिम्मेदारों को सड़क की हालत दिखाने का फैसला किया।प्रदर्शन करने बालों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से नगर मंत्री वैभव खत्री, शासकीय नेहरू कालेज अध्यक्ष सत्यम बोहरे, शिवा नामदेव, प्रथम ठाकुर, अंकित प्रजापति,समीर राजपूत ,भूपेंद्र दुबे, राजवीर परिहार, श्रेयांश नामदेव सहित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रही ।

‘सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क’

छात्राओं ने कहा कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग लंबे समय से खराब है। बारिश के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। कीचड़ और पानी के बीच से होकर छात्राओं और शिक्षकों को स्कूल पहुंचना पड़ता है। इससे स्कूल ड्रेस खराब होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।छात्राओं के मुताबिक सड़क निर्माण और सुधार को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और प्रशासन को शिकायत एवं ज्ञापन दिए गए, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे विद्यालय के सामने आंदोलन करने को मजबूर होंगी।

दो साल से इंतजार, अब अनोखा विरोध

कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने बताया कि करीब दो वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। इसी कारण छात्राओं ने गड्ढों में धान रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया।छात्रा मसीरा खान ने कहा कि बारिश में स्कूल पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता है और कपड़े तक खराब हो जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।

शिक्षकों को भी परेशानी

विद्यालय के शिक्षक अमन शर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से छात्राओं के साथ शिक्षकों को भी आने-जाने में परेशानी होती है। स्कूल प्रबंधन की ओर से पहले भी सड़क की समस्या को लेकर शिकायत की गई थी, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

 एसडीएम ने दिया भरोसा

वहीं देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने कहा कि छात्राओं के प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में आई है। ग्राम पंचायत से चर्चा कर जल्द सड़क को ठीक कराने की कार्रवाई की जाएगी।

अब देखने वाली बात यह है कि छात्राओं का यह अनोखा प्रदर्शन जिम्मेदारों को कितना जगाता है और विद्यालय पहुंचने वाली छात्राओं को इस दलदल से आखिर कब राहत मिलती है।