ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा गौरझामर, सुनार नदी में विसर्जित हुईं गणेश प्रतिमाएं

Author Picture
Published On: September 25, 2026

धूमधाम से निकली विसर्जन यात्राएं, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा गौरझामर; पुलिस प्रशासन ने संभाली व्यवस्था

गौरझामर। गिरीश शर्मा

गणेश उत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को गौरझामर में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ किया गया। सुबह से ही नगर में गणपति बप्पा की विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर विराजमान गणेश प्रतिमाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच विसर्जन यात्रा के रूप में सुनार नदी के लिए रवाना किया गया।

विसर्जन यात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाते रहे। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलीं विसर्जन यात्राओं के दौरान जगह-जगह भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा नगर गणेशमय नजर आया।

विधि-विधान से किया प्रतिमाओं का विसर्जन

विसर्जन यात्रा सुनार नदी के तट पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इस दौरान भक्तों ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए अगले वर्ष फिर से आगमन की प्रार्थना की।

पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी नासिर फारूकी के नेतृत्व में पुलिस बल नगर के प्रमुख मार्गों के साथ ही सुनार नदी के विसर्जन स्थल पर तैनात रहा। पुलिस जवानों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया।

विसर्जन के दौरान भगवान गणेश की विदाई को लेकर श्रद्धालुओं में भावुकता भी नजर आई। ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ गणेश प्रतिमाओं को विदाई दी गई। शांतिपूर्ण वातावरण में प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही गौरझामर में कई दिनों से चल रहे गणेशोत्सव का विधिवत समापन हुआ।