ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

केसली क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर रोक की मांग, संगठन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Author Picture
Published On: September 15, 2026

50 से अधिक गांवों में शराबबंदी अभियान चलाने का दावा, लाइसेंसी दुकानों के स्टॉक की जांच और सीसीटीवी निगरानी की मांग

केसली। केसली क्षेत्र में गांव-गांव कथित रूप से हो रही अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी ब्लॉक केसली द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केसली को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रशासन से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा लाइसेंसी शराब दुकानों की भी निगरानी और स्टॉक जांच कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा केसली तहसील के 50 से अधिक गांवों में ग्रामीणों की सहमति से शराबबंदी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। संगठन ने दावा किया कि कार्यकर्ता गांवों में दुर्गा चालीसा पाठ और आरती के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्त, मांसाहार मुक्त और चरित्रवान बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

 

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद कुछ स्थानों पर अवैध शराब के ठेके संचालित कर शराब बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। संगठन का कहना है कि नशे के कारण बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने के साथ महिलाओं को परेशानी और परिवारों में विवाद की स्थिति उत्पन्न होने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ज्ञापन में दुर्घटनाओं, मारपीट सहित अन्य गंभीर घटनाओं को भी शराब के दुष्प्रभावों से जोड़ते हुए चिंता जताई गई है।

बंडा क्षेत्र की घटना का भी किया उल्लेख

संगठन ने हाल के दिनों में बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से लगभग 50 से अधिक लोगों की मौत होने और कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने का दावा भी ज्ञापन में किया है। संगठन ने कहा कि ऐसी घटना केसली क्षेत्र में न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

 

लाइसेंसी दुकानों के स्टॉक की जांच की मांग

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि लाइसेंसधारी सरकारी शराब दुकानों के लाइसेंस के आधार पर स्टॉक की जांच कराई जाए। साथ ही शराब दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी रखने की मांग की गई है, ताकि लाइसेंस में निर्धारित मात्रा से अधिक शराब का स्टॉक रखे जाने और कथित अवैध बिक्री पर नजर रखी जा सके।

संगठन ने अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा प्रभावी निगरानी और कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने में मदद मिल सकती है। ज्ञापन देने के दौरान बड़ी संख्या में भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता और समाजसेवी उपस्थित रहे हैं।