ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

डॉगी मास्क में जनसुनवाई! आवारा कुत्तों की नसबंदी पर उठे सवाल

खंडवा। कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में उस समय लोगों का ध्यान खिंच गया, जब एक युवक कुत्ते का मास्क पहनकर अधिकारियों के सामने पहुंचा। यह अनोखा प्रदर्शन नगर निगम में आवारा कुत्तों की नसबंदी और वंध्याकरण अभियान को लेकर किया गया।

प्रदर्शनकारी के साथ नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक ‘मुल्लू’ राठौर समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि नसबंदी के नाम पर खर्च की गई राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और कागजों में काम पूरा दिखाया गया।

ज्ञापन में दावा किया गया कि नसबंदी के बावजूद शहर में आवारा कुत्तों की संख्या और पिल्लों का जन्म जारी है। प्रदर्शनकारियों ने शहर में अब तक 13 हजार से अधिक डॉग बाइट के मामलों का हवाला देते हुए अभियान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अधिकारियों ने आरोपों की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने और जांच में गड़बड़ी मिलने पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब जांच रिपोर्ट पर सबकी नजर है।