ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का एक्शन, मिठाई-बेकरी उत्पादों के लिए सैंपल

सिविल लाइन क्षेत्र में प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे खाद्य पदार्थों के नमूने

सागर :एमपी हिंदी न्यूज़ 

आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिविल लाइन क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित गुजरात स्वीट्स और पीएम बेकर्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्ति वैध पाई गई। गुजरात स्वीट्स से पेड़ा, छेना अंगूरी, नमकीन और फलाहारी मिक्चर के नमूने लिए गए। वहीं पीएम बेकर्स से सेलिब्रेशन पैक और केक पुंज के नमूने एकत्रित किए गए।

विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।

हॉकर्स जोन में भी जांच और निर्देश

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के साथ सिविल लाइंस स्थित हॉकर्स जोन का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय निर्धारित नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कारोबारियों को स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग की निगरानी आगे भी जारी रहने की उम्मीद है।यह निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा और शीतल सिंह द्वारा की गई।