ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

देवरी में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का शिकंजा, शराब दुकान के सामने लगे टपरे हटाए

Author Picture
Published On: September 13, 2026

बंडा शराब कांड के बाद प्रशासन की सख्ती तेज, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और अवैध अहाते के खिलाफ कार्रवाई

देवरी। बंडा में जहरीली शराब कांड के बाद शासन-प्रशासन द्वारा अवैध शराब के विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन को लेकर सख्ती बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशानुसार चल रही कार्रवाई के तहत रविवार को देवरी बस स्टैंड के पीछे स्थित शराब दुकान के सामने सड़क किनारे रखे गए टपरों को हटाया गया। कार्रवाई देवरी एसडीओपी अरुण कुमार उइके के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हरिराम मानकर द्वारा राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

बताया गया कि शराब दुकान के सामने रखे गए इन टपरों का उपयोग कथित तौर पर अहाते के रूप में किया जा रहा था। यहां शराब का सेवन करने वाले लोगों को पानी, डिस्पोजल और चखना आदि उपलब्ध कराया जाता था। स्थानीय स्तर पर यहां शराबियों के जमावड़े और सार्वजनिक रूप से शराब सेवन की शिकायतें भी सामने आती रही थीं।

प्रशासन की कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रखे गए टपरों को हटाकर स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने मौके पर स्पष्ट हिदायत दी कि सार्वजनिक स्थानों अथवा शासकीय भूमि पर अवैध रूप से अहाता संचालित करने, शराब का सार्वजनिक रूप से विक्रय करने या सेवन करवाने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई को बंडा शराब कांड के बाद जिले में अवैध शराब गतिविधियों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ बढ़ाई गई निगरानी से जोड़कर देखा जा रहा है।