कैंट पुलिस की घेराबंदी में नशे की मोटरसाइकिल, बाइक समेत ₹3.60 लाख की मशरुका जब्ती
सागर । नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राठौर बंगला क्षेत्र में घेराबंदी कर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस ने मौके से 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ अहिरवार (21) और प्रिंस अहिरवार (19) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब ₹2.80 लाख बताई गई है।
पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945, जिसकी कीमत करीब ₹80 हजार है, भी जब्त की। इस तरह पुलिस ने कुल ₹3.60 लाख का मशरूका बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से गांजे के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।


