अतिक्रमण और खुले में मांस की दुकानों के साथ यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व शौचालय की समस्या सामने आई; कलेक्टर ने CMO को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
देवरी। स्थानीय मंडी परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान देवरी बस स्टैंड की अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। समाजसेवी संदीप जैन ‘बबलू सिनेमा’ ने कलेक्टर प्रतिभा पाल से मुलाकात कर बस स्टैंड की व्यवस्थाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी दी।
संदीप जैन ने कलेक्टर को बताया कि बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसर में खुले में मांस की दुकानें भी संचालित हो रही हैं। इसके अलावा महिलाओं सहित यात्रियों के बैठने के लिए उचित यात्री प्रतीक्षालय की सुविधा नहीं होने तथा पेयजल और सार्वजनिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव की समस्या भी सामने रखी गई।
समाजसेवी ने इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए बस स्टैंड परिसर को व्यवस्थित कराने और यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मौके पर मौजूद मुख्य नगर पालिका अधिकारी को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बताया गया कि अतिक्रमण हटाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनविश्वास शिविर में बस स्टैंड से जुड़ी समस्याएं सामने आने के बाद यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई होने से बस स्टैंड की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और यात्रियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।


