ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

गणेश उत्सव में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 108 मंडलों को भेंट की माटी की गणेश प्रतिमाएं

Author Picture
Published On: September 14, 2026

सेवा न्यास की पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनूठी पहल, 18वें वर्ष में भी जारी रहा अभियान; युवाओं ने लिया प्रकृति बचाने का संकल्प

देवरी। गणेश उत्सव को सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जोड़ते हुए त्रिवेणी-लख्मीचंद स्मृति सेवा न्यास ने इस वर्ष भी अनूठी पहल की है। गणेश उत्सव के 18वें वर्ष में न्यास की ओर से 108 गणेश मंडलों को मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं एवं पूजन सामग्री भेंट की गई। इन प्रतिमाओं की स्थापना देवरी नगर के साथ-साथ देवरी एवं केसली विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में की जाएगी।

बढ़ती आबादी और प्रदूषण के कारण पर्यावरण पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए न्यास की ओर से इस वर्ष भी ‘पर्यावरण सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी’ का संदेश दिया गया। मिट्टी की प्रतिमाओं के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया, ताकि गणेश उत्सव की धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंच सके।

108 माटी की प्रतिमाएं वितरित, दिनभर पहुंचती रहीं गणेश समितियां

स्थानीय लक्ष्मी वार्ड स्थित त्रिवेणी बगीचा परिसर में आयोजित कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ। इसके बाद देवरी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से गणेश समितियों के सदस्यों के पहुंचने का सिलसिला शाम तक जारी रहा। न्यास द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विभिन्न गणेश मंडलों को मिट्टी से निर्मित 108 गणेश प्रतिमाएं और पूजन सामग्री प्रदान की गई।

न्यास के संचालक अलकेश जैन ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की गणेश समितियों को गणेश प्रतिमाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक संगठन, आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का भी अवसर है।

युवाओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वनों की सुरक्षा, अधिक से अधिक वृक्षारोपण और आसपास के वातावरण को हरा-भरा रखने की शपथ दिलाई गई। युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को अपनी व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी मानकर कार्य करने का आह्वान किया गया।

न्यास द्वारा पिछले कई वर्षों से देवरी एवं केसली विकासखंड के विभिन्न गांवों में सामाजिक संगठन और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गणेश उत्सव के दौरान बाल गणेश समितियों को प्रतिमाएं भेंट की जा रही हैं। सेवा न्यास लंबे समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी विभिन्न गतिविधियां संचालित करता आ रहा है।

18 वर्षों से जारी है पहल

कार्यक्रम के अतिथि पूर्व विधायक डॉ. भानु राणा ने न्यास द्वारा लगातार 18 वर्षों से किए जा रहे इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जोड़ना समाज के लिए सकारात्मक पहल है।

न्यास के संचालक अलकेश जैन ने कहा कि गणेश उत्सव के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ आने और आपसी सौहार्द बढ़ाने का अवसर मिलता है। इसी उद्देश्य के साथ न्यास द्वारा लगातार यह पहल आगे बढ़ाई जा रही है।

कार्यक्रम में उमेश केवलारी, पंडित विजय तिवारी, गौरी पटेल, आशीष पटेरिया, महेंद्र जाटव, संजय अरेले, जगत ठाकुर, विजय तुला, मनोज नामदेव, राजा गुप्ता, प्रियेश प्रजापति, राजेश लोधी, भगवत यादव, अनिल बिल्थरे, रामबाबू पटेल, गोलू जैन, कुलदीप साहू, निहाल लोधी, अतुल जैन, वीरेंद्र यादव, रमित जारौलिया सहित बड़ी संख्या में गणेश समितियों के सदस्य एवं नागरिक मौजूद रहे।