श्मशान भूमि के मामले में लापरवाही पर निलंबन के मौखिक निर्देश, महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल की अव्यवस्था पर भी जताई नाराजगी
देवरी। विकासखंड स्तरीय जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को कृषि उपज मंडी परिसर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। समनापुर सेठ में श्मशान भूमि उपलब्ध नहीं होने की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने मामले में लापरवाही पर पटवारी राशिद खान को निलंबित करने के मौखिक निर्देश दि
शिविर से पहले कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद मंडी परिसर में विधायक पंडित बृजबिहारी पटेरिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कलेक्टर एवं विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।
महिला एवं बाल विकास के स्टॉल पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पर्याप्त दस्तावेज और योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने एसडीएम मुनव्वर खान को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने तथा लोगों को शासन की योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आवास, पट्टे और अतिक्रमण से जुड़े आवेदन
जनविश्वास शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने, पट्टा दिलाने, सरकारी रास्तों से अतिक्रमण हटाने तथा दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक साइकिल उपलब्ध कराने सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कहा कि सभी आवेदनों को पंजीबद्ध किया गया है। जो प्रकरण मौके पर निराकृत किए जा सकते हैं, उनका तत्काल निराकरण किया जाए, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
अधिवक्ता संघ ने एसडीएम के खिलाफ सौंपा आवेदन
शिविर के दौरान अधिवक्ता संघ ने एसडीएम मुनव्वर खान के खिलाफ कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपा। आवेदन में अधिवक्ताओं के साथ व्यवहार तथा एसडीएम कार्यालय में निजी कर्मचारियों की भूमिका को लेकर आरोप लगाए गए हैं। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता गौरव जैन ने क्षेत्र में स्मैक की कथित बिक्री के खिलाफ पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर के रवाना होने के बाद कई स्टॉलों पर नहीं दिखे अधिकारी-कर्मचारी
कलेक्टर ने निर्देश दिए थे कि शिविर शाम 5 बजे तक संचालित होगा और सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल पर मौजूद रहेंगे। बाद में आने वाले आवेदकों के आवेदन भी लेकर उन्हें पंजीबद्ध करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि दोपहर में कलेक्टर और विधायक के रवाना होने के बाद कई स्टॉलों पर अधिकारी-कर्मचारी नजर नहीं आए और कुर्सियां खाली पड़ी दिखाई दीं। इससे शिविर के निर्धारित समय तक संचालन को लेकर सवाल उठे।
विधायक ने कहा- समय-सीमा में हो समस्याओं का निराकरण
कार्यक्रम में विधायक पंडित बृजबिहारी पटेरिया ने अधिकारियों से मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आम लोगों की समस्याओं का ईमानदारी और समय-सीमा में निराकरण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को अपनी समस्याएं बताने के लिए कलेक्टर तक पहुंचना मुश्किल होता था, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों के माध्यम से अब लोग सीधे अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रख पा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ विवेक केबी, जिला सदस्य, एसडीएम मुनव्वर खान, एसडीओपी अरुण सिंह उईके सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


