नुक्कड़ पर ‘यमराज’ का अनोखा संदेश—शराब छोड़ो, वरना जिंदगी से हाथ धोना पड़ सकता है! दिया नशा मुक्ति का संदेश
केसली। शराब के बढ़ते सेवन के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए केसली में अनोखा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नुक्कड़ पर जब ‘यमराज’ का रूप सामने आया तो लोगों की नजरें ठहर गईं। यमराज के रूप में दिए गए संदेश के जरिए आमजन को शराब के दुष्परिणामों से सचेत करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अनुरुद्ध सिंह और अधिवक्ता अजय पटेल ने यमराज की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रभावी अंदाज में लोगों को संदेश देते हुए कहा कि “जल्द से जल्द शराब छोड़ दो, नहीं तो सीधे यमराज के साथ जाना पड़ेगा।”
नुक्कड़ कार्यक्रम के माध्यम से शराब के कारण होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया। साथ ही युवाओं सहित आमजन से शराब और अन्य नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों के बीच नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाना और सरल एवं प्रभावी तरीके से यह संदेश पहुंचाना रहा कि नशे से दूरी ही स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की ओर पहला कदम है।


