ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

देवरी:अर्जुन कॉलोनी में बही कृष्ण भक्ति की रसधार, कान्हा को लगा छप्पन भोग

रस्सी से नहीं बंधे नटखट कान्हा, इंद्र का घमंड तोड़ गोवर्धन पूजा का बताया महत्व; कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

देवरी । नगर की अर्जुन कॉलोनी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में इन दिनों भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। कथा के दौरान पंडित श्री विनोद वाजपेयी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी प्रसंग, गोवर्धन पूजा सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के प्रसंगों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए।

कथावाचक पंडित श्री विनोद वाजपेयी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि नटखट कान्हा बचपन में माखन चुराकर खाते और अपनी बाल सुलभ चंचलताओं से माता यशोदा को परेशान करते थे। एक प्रसंग में जब माता यशोदा ने कान्हा को ऊखल से बांधने का प्रयास किया तो रस्सी हर बार दो अंगुल छोटी पड़ जाती थी। उन्होंने बताया कि यह प्रसंग भगवान की दिव्यता और उनकी लीला को दर्शाता है। भगवान को सांसारिक बंधनों में बांधना संभव नहीं, लेकिन प्रेम और भक्ति के बंधन में वे स्वयं बंध जाते हैं।

कथा में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के घमंड को चूर करने और गोवर्धन पर्वत की पूजा के प्रसंग का भी विस्तार से वर्णन किया गया। कथावाचक ने गोवर्धन पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।

श्री लड्डू गोपाल को लगा छप्पन भोग

श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए आकर्षक रूप से छप्पन भोग के थाल सजाए गए। विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। भोग के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा कथा परिसर भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर यजमान सौरभ रावत, रोशनी रावत, अजय रावत, सपना गुप्ता, स्वाति, रानू, रजनी कटारे, जे.पी. चंदेरिया, सुंदरलाल रावत एवं ओमप्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा में महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कथा के दौरान भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से अर्जुन कॉलोनी का वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।