ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

, ,

मुख्यमंत्री का सख्त एक्शन, 3 आबकारी अधिकारी निलंबित, एक मुख्यालय अटैच; बंडा थाना प्रभारी और गुगरा चौकी प्रभारी भी निलंबित

Author Picture
Published On: September 6, 2026

नकली शराब से मौतों पर सख्त एक्शन, 3 आबकारी अधिकारी निलंबित; एक मुख्यालय अटैच

बंडा तहसील के तीन गांवों में नकली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई

सागर,

सागर जिले की बंडा तहसील के तीन गांवों में नकली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आबकारी विभाग ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया, जबकि एक अधिकारी को जिले से हटाकर मुख्यालय अटैच किया गया है। पुलिस विभाग ने भी बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा और गुगरा चौकी प्रभारी एसआई पूरन लाल लाड़िया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त के आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया है। वहीं, उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।

इन गांवों में हुई घटना

नकली शराब से जुड़ी यह दुखद घटना बंडा तहसील के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में हुई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह संवेदनशील मामला है। नई दिल्ली प्रवास के दौरान मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने सागर जिले के प्रभारी मंत्री और संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच, राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा, बने हुए हैं नजर

सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी दल ने प्रभावित परिजनों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मरीजों को तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।