जैसीनगर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जैसीनगर क्षेत्र का भ्रमण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण की प्रक्रिया, स्टॉक और हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली।
कलेक्टर ने ई-पॉस मशीन, राशन वितरण व्यवस्था, गोदाम और खाद्यान्न के स्टॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन कार्डधारियों से जुड़े रिकॉर्ड और पात्र हितग्राहियों को दिए जा रहे राशन की स्थिति भी जानी।
निरीक्षण के दौरान तौल मशीन की व्यवस्था भी देखी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि तौल मशीन से संबंधित आवश्यक सत्यापन और प्रमाण-पत्र स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन मिलने में परेशानी न हो।
कलेक्टर ने अधिकारियों को राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और हितग्राही सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम नवीन ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर मोना दांगी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


