नयागांव में फर्नीचर मार्ट और घर के कमरों में मिली 0.652 घन मीटर सागौन लकड़ी, वन अपराध प्रकरण दर्ज
केसली: प्रदीप पांडे
वन मंडल दक्षिण सागर के वन परिक्षेत्र केसली में अवैध वनोपज एवं लकड़ी के भंडारण के खिलाफ वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को ग्राम नयागांव में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक फर्नीचर मार्ट एवं उससे लगे घर की तलाशी ली।
वन विभाग के अनुसार, ब्रजेश यादव पिता प्यारेलाल यादव के यहां की गई तलाशी के दौरान फर्नीचर मार्ट तथा घर के कमरों से सागौन की लकड़ी के 81 नग चिरान बरामद किए गए। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा लगभग 0.652 घन मीटर बताई गई है।
विभाग द्वारा लकड़ी के संबंध में नियमानुसार वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। बरामद सागौन लकड़ी को जब्त कर विभागीय अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
बताया गया कि क्षेत्र में अवैध वनोपज एवं लकड़ी के भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वन अपराध में संदिग्ध लोगों की पहचान कर लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक सागर रिपुदमन सिंह भदौरिया, वन मंडल अधिकारी दक्षिण सागर वरुण यादव एवं उप वनमंडल अधिकारी देवरी रेखा पटेल के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई के दौरान वन रक्षक चीलगढ़-डूंगरिया आशीष सैनी, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभय दुबे, प्रशिक्षु परिक्षेत्र अधिकारी निशी साहू, राज बहादुर तिवारी सहित वन परिक्षेत्र केसली एवं गौरझामर का स्टाफ मौजूद रहा।



