ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

प्रांतीय प्रतियोगिताओं में सरस्वती शिशु मंदिर देवरी का परचम, शास्त्रीय गायन में प्रथम तो वैदिक गणित में उपविजेता

सुरों में कनुप्रिया ने जमाई धाक, वैदिक गणित में भी चमकीं देवरी की बेटियां 

देवरी। विद्या भारती सरस्वती शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित विभिन्न प्रांतीय प्रतियोगिताओं में सरस्वती शिशु मंदिर देवरी के भैया-बहिनों ने अपनी प्रतिभा, लगन और परिश्रम का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। संस्कृति महोत्सव में शास्त्रीय गायन और वैदिक गणित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

शास्त्रीय गायन में कनुप्रिया प्रांतीय स्तर पर प्रथम

प्रांतीय संस्कृति महोत्सव प्रतियोगिता-2026 का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर में किया गया। इसमें सरस्वती शिशु मंदिर देवरी की प्रतिभावान बहिन कनुप्रिया चौरसिया, पिता मयंक चौरसिया ने शास्त्रीय गायन में अपनी मधुर और सुरमयी प्रस्तुति से लगातार सफलता हासिल की।

कनुप्रिया ने संकुल स्तर से लेकर विभागीय स्तर और फिर प्रांतीय स्तर तक प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रांतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित देवरी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

वैदिक गणित में भी शानदार प्रदर्शन

इसी क्रम में प्रांतीय वैदिक गणित प्रतियोगिता-2026 में भी सरस्वती शिशु मंदिर देवरी की बहिनों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। हुमेरा खान, पिता अमजद खान; रिद्धि यादव, पिता संजय यादव तथा काव्या साहू, पिता ग्रीश साहू ने संकुल एवं विभागीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए प्रांतीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।

प्रांतीय स्तर की वैदिक गणित प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर जेल मार्ग, रीवा में किया गया। यहां देवरी की बहिनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

संस्कार के साथ प्रतिभा निखारने पर जोर

विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों ने यह साबित किया है कि सरस्वती शिशु मंदिर देवरी में शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, संगीत, संस्कार और गणितीय प्रतिभा के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की सफलता उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और आचार्यों के मार्गदर्शन का परिणाम है।

विद्यालय परिवार ने दी बधाई

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर समिति के व्यवस्थापक मयंक चौरसिया, समस्त समिति पदाधिकारियों, प्राचार्य सुनील कुमार तिवारी एवं समस्त आचार्य परिवार ने कनुप्रिया सहित सभी प्रतिभावान बहिनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी।