थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने विद्यार्थियों से किया संवाद, शिक्षा के साथ अनुशासन और अच्छे संस्कारों को बताया सफलता की कुंजी
गौरझामर: गिरीश शर्मा
उमंग दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयापुरा एवं शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय इतवारा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षा के साथ अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए पढ़ाई के साथ जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना भी जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या परेशानी होने पर घबराने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस से बिना संकोच संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण बनाए रखने, आपसी सहयोग की भावना विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


