महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बुलंद की आवाज, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन; गांव-गांव अवैध शराब पर कार्रवाई की मांग
देवरी। अवैध शराब की बिक्री और जुआ-सट्टे जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर रविवार को देवरी नगर में भगवती मानव कल्याण संगठन के नेतृत्व में जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य शामिल हुए। मुख्य मार्गों से निकली रैली के दौरान नशे और जुआ-सट्टे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
रैली के दौरान संगठन के सदस्यों ने कहा कि गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री से कई परिवार आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इसी के साथ जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठाई गई। संगठन के सदस्यों का कहना था कि इन गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में इसके गंभीर सामाजिक परिणाम सामने आ सकते हैं।
थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
रैली के बाद संगठन के सदस्य पुलिस थाना देवरी पहुंचे, जहां थाना प्रभारी हरिराम मानकर को ज्ञापन सौंपकर गांव-गांव में हो रही अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन के दौरान संगठन की ओर से बांदा क्षेत्र में सामने आई अवैध शराब से जुड़ी घटना का भी उल्लेख किया गया। संगठन के सदस्यों ने कहा कि ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए अवैध शराब के कारोबार पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने संगठन के सदस्यों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि अवैध शराब की बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दी जाए। उन्होंने बताया कि इसके लिए मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रैली के माध्यम से संगठन ने प्रशासन से अवैध शराब, जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने की मांग दोहराई।


