गायत्री मंत्र से गूंजा महाविद्यालय,गायत्री मंत्र के साथ नशे से दूरी की शपथ
देवरी :एमपी हिंदी न्यूज़
बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय देवरी में मंगलवार को गायत्री परिवार के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नैतिक जीवन, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, विशेष रूप से मद्यपान का त्याग करने तथा अनुशासन, सदाचार और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के व्याख्याता शिवम शर्मा ने कहा कि युवा अवस्था जीवन निर्माण की महत्वपूर्ण अवस्था है। इस दौरान अपनाई गई आदतें और संस्कार भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से धर्म को केवल पूजा-पद्धति तक सीमित न रखकर सत्य, संयम, सदाचार, आत्मानुशासन और मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
गायत्री परिवार के सदस्यों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के बाबूलाल साहू, अशोक नेमा, आर.आर. साहू, नरेश कुमार मिश्रा एवं कन्हैयालाल ताम्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति और स्वस्थ, संयमित एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने की शपथ ली।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में आत्मसंयम, नैतिक चेतना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।


