ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

औचक निरीक्षण पर निकले नगर पालिका CMO, वार्डों की हकीकत देखेगी प्रशासन की नजर

Author Picture
Published On: September 2, 2026

नगर पालिका देवरी की टीम ने सुभाष, पटेल और पृथ्वी वार्ड का किया निरीक्षण, नागरिकों से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं

देवरी। नगर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और वार्ड स्तर पर समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर नगर पालिका प्रशासन अब जमीनी स्तर पर सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार को नगर पालिका देवरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोहर बिझवार एवं सब इंजीनियर खेमरिया ने विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुभाष वार्ड, पटेल वार्ड और पृथ्वी वार्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़क-नाली व्यवस्था देखी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क और नाली व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण किया। बारिश के चलते कई स्थानों पर कच्ची सड़कों पर कीचड़ की स्थिति भी सामने आई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।अधिकारियों ने मौके पर संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और आवश्यक सुधार के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

नागरिकों से सीधे संवाद, सुनीं समस्याएं

वार्ड भ्रमण के दौरान सीएमओ मनोहर बिझवार ने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

सीएमओ ने नागरिकों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाते हुए मौके पर मौजूद सब इंजीनियर खेमरिया को समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कच्ची सड़कों पर पक्की सड़क और नाली निर्माण की कवायद

निरीक्षण के दौरान कच्ची एवं कीचड़ग्रस्त सड़कों की समस्या सामने आने पर नगर पालिका प्रशासन ने आवश्यकतानुसार पक्की सड़क और नाली निर्माण कराने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मौके पर पहुंचकर समस्याएं देखने से बढ़ी उम्मीद

नगर पालिका अधिकारियों के औचक रूप से वार्डों में पहुंचने और नागरिकों से सीधे संवाद करने को लेकर वार्डवासियों में उम्मीद जगी है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर नगर पालिका प्रशासन कितनी तेजी से धरातल पर कार्रवाई करता है।