ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

द जेनिथ हाई स्कूल में 400 विद्यार्थियों की आंखों की जांच, 23 को मिलेंगे निःशुल्क चश्मे

 द जेनिथ हाई स्कूल में सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम ने किया नेत्र परीक्षण

गौरझामर। गिरीश शर्मा

द जेनिथ हाई स्कूल, गौरझामर में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने कक्षा दूसरी से दसवीं तक के करीब 400 विद्यार्थियों एवं स्टाफ का नेत्र परीक्षण किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मोती सिंह गौंड ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समय-समय पर होने वाले स्वास्थ्य परीक्षण से दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और उपचार संभव है।

शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की। परीक्षण के बाद 23 विद्यार्थियों में दृष्टि संबंधी समस्या सामने आई, जिनके लिए चश्मे तैयार कराए जाएंगे। संबंधित संस्था द्वारा इन विद्यार्थियों को चश्मे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

 

यह नेत्र परीक्षण शिविर सर्व मंगल फैमिली ट्रस्ट के अंतर्गत सद्गुरु सेवा संघ के सहयोग से आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधक एवं संचालक देवेंद्र नामदेव ने मुख्य अतिथि, चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर शिक्षा के लिए इस तरह के शिविर बेहद उपयोगी हैं। समय पर स्वास्थ्य जांच से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके समग्र विकास में भी मदद मिलती है।