केसली वन अमले की रात में कार्रवाई, 0.795 घन मीटर इमारती काष्ठ बरामद; दो संदिग्धों की पहचान, चार अन्य की तलाश जारी
केसली: प्रदीप पांडे
वन सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत केसली वन विभाग ने देर रात अवैध रूप से सागौन इमारती काष्ठ का परिवहन करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन को पकड़कर उसमें लदी 8 नग सागौन की लकड़ी, कुल 0.795 घन मीटर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक MP 49 G 0868 को भी वन विभाग ने अपने कब्जे में लिया है
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य वन संरक्षक सागर रिपुदमन भदौरिया एवं वन मंडल अधिकारी दक्षिण सागर वरुण यादव के निर्देशन तथा उपवनमंडल अधिकारी देवरी रेखा पटेल के मार्गदर्शन में वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 21 सितंबर 2026 की रात करीब 3:30 बजे केसली वन परिक्षेत्र की रेंगाझोली बीट के कक्ष क्रमांक RF 1042 में वन अमले ने संदिग्ध बोलेरो पिकअप को सागौन इमारती काष्ठ का परिवहन करते हुए देखा। वन टीम द्वारा कार्रवाई किए जाने पर वाहन को रोकने की कोशिश की गई।
अंधेरे का फायदा उठाकर भागे आरोपी
वन विभाग के अनुसार मौके पर मौजूद लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। हालांकि वाहन की रोशनी में राहुल पिता गणपत साहू एवं चिंटू पिता प्रताप सिंह परिहार, दोनों निवासी केसली, की पहचान की गई। विभाग के अनुसार इनके साथ अन्य चार लोग भी मौजूद थे, जो मौके से फरार हो गए। फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया है। जब्त बोलेरो पिकअप वाहन एवं सागौन इमारती काष्ठ को वन विभाग की अभिरक्षा में रखा गया है।
वन अमले की संयुक्त कार्रवाई
पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी केसली अभय दुबे, प्रशिक्षु वन परिक्षेत्र अधिकारी राज बहादुर तिवारी एवं निशी साहू, परिक्षेत्र सहायक उत्तम यादव एवं शैलेन्द्र चौबे, वनरक्षक सूरज पटेल, सुरेन्द्र राजपूत, जुगल किशोर राजपूत एवं हरिओम तिवारी सहित केसली वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


