मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत देवरी पहुंचे कृषि विभाग के उप सचिव, खेतों से लेकर बीज केंद्र तक परखी योजनाओं की हकीकत
देवरी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कृषि विभाग के उप सचिव रोहित सीसोनिया, आईएएस ने देवरी विकासखंड का दौरा कर कृषि एवं किसान हितैषी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने खेतों, बीज उत्पादन केंद्रों, भंडारण गृह, तेल मिल और कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनकी प्रगति की जानकारी भी ली।
भ्रमण की शुरुआत कृषि विज्ञान केंद्र, देवरी के प्रक्षेत्र से हुई, जहां उप सचिव ने बीज उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीज उत्पादक संस्थाओं द्वारा तैयार किए जा रहे बीजों की जानकारी ली। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. आशीष त्रिपाठी ने विभागीय गतिविधियों और कार्यों से उन्हें अवगत कराया।
इसके बाद सीसोनिया मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम, बिजोरा के प्रक्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने भंडारण गृह का निरीक्षण किया और ग्रेडिंग मशीन की कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नयागांव में आत्मा परियोजना के बीआरसी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के तहत सब्सिडी पर स्थापित तेल मिल की गतिविधियों का जायजा लिया और योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
वहीं ग्राम सोनपुर में कृषि विभाग द्वारा लगाए गए सोयाबीन और मूंगफली फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया। उप सचिव ने किसानों से चर्चा करते हुए उन्नत कृषि तकनीकों और बेहतर कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।
भ्रमण के दौरान ग्राम रामटेक में किसान रूप बसंत लोधी के कस्टम हायरिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। यहां उपलब्ध कृषि मशीनरी, उनके उपयोग और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हुए इस दौरे में कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन को खेत और किसान तक पहुंचकर समझने पर जोर रहा। अधिकारियों ने उप सचिव को विभागीय योजनाओं और किसान हित में किए जा रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
इस अवसर पर उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी, परियोजना संचालक आत्मा एम.के. प्रजापति, डॉ. आशीष त्रिपाठी, भूपेंद्र सिंह, उमाशंकर प्रजापति, प्रभांशु दुबे, श्रीमती कल्पना जैन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


