15 वार्डों में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश; आवास हितग्राहियों और लाड़ली बहनों के घर भी रोशन हुए दीप
देवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद देवरी क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शुभारंभ सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों सहित सभी 15 वार्डों में करीब 8 हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे देवरी दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
महाकाली वार्ड स्थित गणेश घाट, किला मैदान और अंबेडकर वार्ड स्थित भूमिहीन आवास कॉलोनी सहित नगर के विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र के सभी 15 वार्डों में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों एवं लाड़ली बहनों के निवास स्थानों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए।
वार्ड पार्षदों एवं वार्ड प्रभारियों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, जनजागरूकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। दीपों की रोशनी से नगर का वातावरण उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।
आयोजकों के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक निरंतर आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को समाज और नगर के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करने के साथ सेवा भावना और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोहर विंझवार, उपयंत्री अजीत सिंह धुर्वे, सुनील खेमरिया सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


