गौ-संरक्षण के साथ आत्मनिर्भरता पर जोर, जरारू धाम में जैविक डीएपी प्लांट शुरू
दमोह:एमपी हिंदी न्यूज़
प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद पटेल ने प्रसिद्ध जरारू धाम गौ अभ्यारण पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री ने अभ्यारण के जंगल क्षेत्र का भ्रमण करने के साथ गौशाला में गौ-माताओं को रोटी खिलाकर सेवा की।
इस दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल ने अभ्यारण परिसर में स्थापित जैविक डीएपी खाद प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्लांट के माध्यम से गौशाला से निकलने वाले गोबर का बेहतर और उपयोगी प्रबंधन हो सकेगा। साथ ही जैविक खाद के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि गोबर का उपयोग कर किसानों के लिए जैविक खाद उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इससे एक ओर गौशाला प्रबंधन को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर जैविक कृषि को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण के साथ गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी जरूरी है। गोबर और अन्य जैविक संसाधनों का उपयोग कर आय के स्थायी स्रोत विकसित किए जा सकते हैं। जरारू धाम गौ-अभ्यारण में शुरू की गई जैविक डीएपी खाद की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


