ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

कृष्ण के विचारों से गूंजा नेहरू कॉलेज, विद्यार्थियों को दिया कर्म और सद्भाव का संदेश

Author Picture
Published On: September 5, 2026

देवरी।

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, कर्मनिष्ठा और मानव कल्याण के संदेशों से शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवरी का वातावरण आध्यात्मिक और प्रेरणादायी हो उठा। मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के निर्देशानुसार महाविद्यालय में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व एवं प्रेरणा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि कृष्ण केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि ऐसी विचारधारा हैं जो संपूर्ण ब्रह्मांड में विद्यमान है और जीव-जगत के कल्याण के लिए प्रेरणा देती है।

कर्म, प्रेम और शांति का दिया संदेश

हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष मिश्रा ने श्रीकृष्ण के जीवन और संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मानवता के कल्याण, कर्मनिष्ठा, प्रेम, शांति और सद्भाव के महानायक हैं। उनके दिव्य जीवन के संदेश सदैव समाज और जनमानस को प्रेरणा देते रहेंगे।

महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जी.आर. चौहान ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता बताई।

कार्यक्रम का संचालन विनोद सोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रेमनारायण साहू ने किया।इस अवसर पर डॉ. कलम सिंह डुडवे, वंदना साहू, डॉ. रिजवान खान, डॉ. सारांश राजोरिया, राजेश गिरवाल, ज्योति तिवारी सहित महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।