ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

बायपास किनारे मृत मिला सियार, वन अमले ने कराया अंतिम संस्कार

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम, नियमानुसार की कार्रवाई

गौरझामर।

दक्षिण वन परिक्षेत्र गौरझामर की सीमा में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-26 स्थित सागर बायपास पर कृषि अनाज मंडी के समीप एक सियार (जैकल) मृत अवस्था में मिला। वन्यप्राणी के मृत मिलने की सूचना दक्षिण वन परिक्षेत्र अधिकारी परिवेश सिंह को फोन के माध्यम से दी गई।

सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी ने वन अमले को तत्काल मौके पर भेजा। टीम ने वन स्वच्छता कर्मी की सहायता से मृत सियार को सुरक्षित रूप से वन विभाग कार्यालय पहुंचाया। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद वन अमले की मौजूदगी में जलाऊ लकड़ी एवं अन्य ईंधन की सहायता से मृत वन्यप्राणी का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।

वन विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-44 और कस्बे की बस्ती से लगे खेतों के कारण वन्यप्राणियों का कई बार आबादी एवं सड़क क्षेत्र में आवागमन होता है। इस दौरान वाहनों की चपेट में आने से वन्यप्राणियों के घायल होने अथवा मृत होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

वन परिक्षेत्र अधिकारी परिवेश सिंह ने बताया कि वन विभाग वन्यप्राणियों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित विचरण को लेकर सतर्क है। सियार के मृत मिलने की सूचना प्राप्त होते ही टीम को मौके पर भेजकर उसे हटाया गया और नियमानुसार अंतिम संस्कार की कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई वन परिक्षेत्र अधिकारी परिवेश सिंह एवं वन अमले की मौजूदगी में संपन्न हुई।