ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

24 लाख की चोरी का खुलासा: अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और कार बरामद

Author Picture
Published On: September 19, 2026

14 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी, धमौरा में चोरी के बाद हिनौता वारदात का भी किया खुलासा

छतरपुर। जिला पुलिस ने ग्राम धमौरा में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल हुंडई एक्सटर कार सहित लगभग 24 लाख रुपये का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चरण अहिरवार के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और चोरी समेत 14 से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को ग्राम धमौरा निवासी विजय सिंह यादव के घर चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ओरछा रोड थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी चरण अहिरवार को गिरफ्तार कर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से धमौरा से चोरी किए गए सोने के हार, अंगूठियां, चूड़ियां तथा चांदी की पायल और कमरबंद बरामद किए गए। बरामद माल की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई एक्सटर कार भी पुलिस ने बरामद की है, जिससे कुल बरामदगी करीब 24 लाख रुपये की बताई गई है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हिनौता में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपी के खिलाफ छतरपुर के अलावा झांसी, महोबा और निवाड़ी में भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटेल, सीएसपी अरुण कुमार सोनी सहित ओरछा रोड थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों और संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।