ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

Paigam-e-Mohabbat Rally: भोपाल में रैली के दौरान बिगड़ा माहौल, पुलिस से झड़प में 2 जवान घायल

भोपाल। राजधानी भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में पैगाम-ए-मोहब्बत रैली के दौरान विवाद के बाद माहौल बिगड़ गया। सिंधी कॉलोनी में निकाली जा रही रैली के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी मारपीट की गई। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

विवाद के बाद पुलिस टीम पर हमला

जानकारी के मुताबिक सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में पैगाम-ए-मोहब्बत रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।

हमले में अमित भदौरिया और आरक्षक मोहित शिवहरे घायल हुए हैं। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़े जाने की बात भी सामने आई है।

दो आरोपियों के नाम सामने आए

पुलिस के मुताबिक मामले में जावेद उर्फ कंघी और तबरेज के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

हनुमानगंज थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस बल के साथ मारपीट और अभद्रता सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं।