ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

कुएं से पानी भरने गई 80 वर्षीय महिला की मौत, घर के पीछे कुएं में गिरने से हुआ हादसा

Author Picture
Published On: September 14, 2026

ग्राम कोपरा में देर रात हुई घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

देवरी। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम कोपरा में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 80 वर्षीय वृद्ध महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला घर के पीछे स्थित पानी से भरे कुएं के पास गई थीं, इसी दौरान वह कुएं में गिर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार सुखरानी विश्वकर्मा (80), निवासी ग्राम कोपरा, शनिवार रात घर के पीछे स्थित कुएं के पास गई थीं। इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गईं। कुएं में पानी भरा होने के कारण महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर 112 वाहन मौके पर पहुंचा। 112 के पायलट आदर्श मिश्रा के साथ एएसआई झारखड्‌ड्या ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की तथा मौका पंचनामा तैयार किया। पुलिस की मौजूदगी में महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला गया और देवरी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में कुएं में गिरीं।

हादसे के बाद ग्राम कोपरा में शोक का माहौल है। वृद्ध महिला की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है।