देवरी में जन विश्वास शिविर: किसानों की जमीनों के शीघ्र कंप्यूटरीकरण पर जोर, रास्ता खोलने के आवेदन 3 दिन में निपटाने के निर्देश
आवासीय पट्टे के प्रकरणों पर 7 दिन में कार्रवाई, विधायक पटेरिया ने कहा—जमीनों का कंप्यूटरीकरण होने से किसानों को योजनाओं का मिलेगा लाभ
देवरी । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार को देवरी विकासखंड के मंडी प्रांगण में खंडस्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, देवरी विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
शिविर की शुरुआत में विधायक पटेरिया और कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा आवेदनों का नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया ने आमजन से संवाद करते हुए कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से जनता, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखते हुए जमीनों के शीघ्र कंप्यूटरीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भूमि रिकॉर्ड का कंप्यूटरीकरण होने से किसानों को खाद, बीज सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्होंने स्वामित्व योजना के कार्यों में भी किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने देने की बात कही।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रास्ता खोलने से संबंधित आवेदनों पर 3 दिवस में कार्रवाई करने तथा आवासीय पट्टे के प्रकरणों में एसडीएम देवरी के माध्यम से सर्वे कराकर 7 दिवस में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों में आवेदकों को प्रकरण की वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने किसानों से कम भूमि में अधिक आय के लिए खेती में नवाचार, शेडनेट एवं संरक्षित खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने तथा प्रगतिशील किसानों से तकनीकी जानकारी प्राप्त करने की बात कही। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा नशे से दूर रहने के लिए जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया ने कानून-व्यवस्था एवं पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सुरक्षित आवाजाही, आवश्यक सावधानियों और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए। नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों से जुड़े प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई की गई। जैविक खेती सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार करने वाले हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष देवरी श्रीमती नेहा जैन, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे सहित जिला एवं खंडस्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


