पुलिस को देखकर आरोपी ने किए तीन फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
बण्डा/सागर। बण्डा जहरीली शराब कांड के बाद फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवांजय राजपूत पिता धर्मेंद्र राजपूत, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम छापरी, थाना बण्डा, शराब प्रकरण के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से तीन आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं।
कठुआ नाला के जंगल में घेराबंदी
13 सितंबर की तड़के थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब प्रकरण में फरार आरोपी शिवांजय राजपूत कठुआ नाला के पास जंगल क्षेत्र में मौजूद है और धामोनी-बहरोल मुख्य मार्ग से होकर अपने गांव छापरी की ओर जा सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देश पर थाना बांदरी प्रभारी सतेन्द्र सिंह और थाना बहरोल प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संभावित मार्गों की नाकाबंदी कर जंगल क्षेत्र में सघन सर्चिंग और घेराबंदी शुरू की गई।
पुलिस को देखकर फायरिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, सर्चिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस टीम को लक्ष्य कर तीन फायर किए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड जवाबी फायर किए। इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कट्टा, छह कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियार और अन्य सामग्री को लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल नाकाबंदी और संयुक्त पुलिस कार्रवाई किए जाने से आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। सागर पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


