फसल नुकसान और नशे के कारोबार पर गरजी कांग्रेस
पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 20 सूत्रीय ज्ञापन
देवरी। महाराजपुरके हाट बाजार में गुरुवार को कांग्रेस द्वारा आमसभा आयोजित कर किसानों की फसल क्षति, खाद की उपलब्धता, क्षेत्र में कथित अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के कारोबार सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष सवाल उठाए गए। कार्यक्रम को पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र मुहासा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। आमसभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को 20 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। आमसभा में कांग्रेस नेताओं ने खरीफ फसलों में अफलन, रोग-व्याधि और अतिवृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे कराने में कथित देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। साथ ही किसानों को पर्याप्त डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई करने तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की गई।
सभा में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि इस घटना से कई परिवार प्रभावित हुए हैं और पीड़ित परिवारों को सहायता एवं मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र मुहासा ने आरोप लगाया कि बंडा शराब कांड में मौतों का आंकड़ा कम बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने के लिए तैयार है और मांग की कि प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
20 सूत्रीय ज्ञापन में उठाईं कई मांगें
मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा देने, उड़द, मक्का तथा पीला मोजेक से प्रभावित सोयाबीन सहित अन्य फसलों का सर्वे कराने की मांग की गई। किसानों को पर्याप्त डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने तथा खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। इसके अलावा निंदरपुर और मुड़री जलाशय का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने तथा महाराजपुर में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सहलगुआ उपमंडी, महाविद्यालय और कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की स्वीकृति देने की मांग की गई। रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से विस्थापित ग्रामीणों को आवास, बीपीएल, संबल, आयुष्मान योजना, सोलर लाइट, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा टाइगर रिजर्व का मुख्य गेट सिल्कुही बैरियर पर बनाए जाने की मांग भी कांग्रेस ने रखी।
बिजली, सड़क और पेंशन के मुद्दे भी उठे
ज्ञापन में बिजली कटौती की समस्या दूर करने, जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने और जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की गई। महाराजपुर-शहपुरा, तीतरपानी-डोभी तथा महाराजपुर-पिपरिया सहित विभिन्न मार्गों के निर्माण की मांग भी उठाई गई।कांग्रेस ने वृद्धावस्था, विधवा और निराश्रित पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर एक हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की। वहीं देवरी क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा और शराब जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने तथा महाराजपुर और देवरी की शराब दुकानों को शहर से बाहर किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष बाबा राजौरिया, महाराजपुर उपब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंरवैया, गौरझामर उपब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती जानकी लोधी सहित हरप्रसाद, सिमरा दामोर, ब्यारे, कपिल पाण्डेय, आंचल आठया, बसंत सिंरवैया, राजकुमार लोधी, वीरेन्द्र लोधी, मदन कुर्मी, रामेश्वर कुर्मी, रामेश्वर यादव, हर्ष पटेल, सौरभ नामदेव, नीरज कोष्टी, रोहित स्थापक, कन्नू यादव, साहिल यादव, लखन यादव, तुलाराम मढ़ेले, अनंदी कुर्मी, नंदराम चढ़ार, गोलू यादव, मंजू हर्रया, निर्मल सिमरा, बहादुर लोधी, पवन कुर्मी, पवन चढ़ार, प्रदीप चाचौरिया, आदर्श राजौरिया, हिमांशु राजौरिया, नब्बू सेन, अंकित यादव, राजा यादव, मनीष यादव, ब्रजेश धनन्तर, सोनू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


