देवरी (सागर) : सावन की भक्ति और आस्था से सराबोर देवरी नगर में शनिवार रात उस समय भक्तिमय माहौल बन गया, जब तुलसी फाउंडेशन सागर द्वारा आयोजित विशाल कावड़ यात्रा नगर में पहुंची। करीब 800 कावड़ यात्रियों के नगर आगमन पर श्रद्धालुओं और सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूरा नगर ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा।
जगह-जगह हुआ कावड़ यात्रियों का स्वागत
कावड़ यात्रियों के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अलकेश जैन एवं उनकी सहयोगी टीम द्वारा भोजन की व्यवस्था की गई। वहीं यात्रियों के रात्रि विश्राम के लिए प्रेम परिणय मैरिज गार्डन एवं मनोमनी मैरिज गार्डन में व्यवस्था की गई।

रविवार सुबह कावड़ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए करीब 7:30 बजे कौशल किशोर वार्ड स्थित मरघट महेश्वर गौशाला पहुंची। यहां गौशाला समिति के सदस्यों ने कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
भोलेनाथ के दर्शन के बाद सागर रवाना
मरघट महेश्वर गौशाला पहुंचने के बाद कावड़ यात्रियों ने परिसर में स्थित भूतभावन भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन किए। पूजा-अर्चना के बाद कावड़ यात्रा अपने अगले पड़ाव सागर के लिए रवाना हो गई।
सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने निभाई अहम भूमिका
कावड़ यात्रा के आयोजन और स्वागत में मरघट महेश्वर गौशाला समिति, श्री हरि प्रभात फेरी, लाल मंदिर समिति, महाकाली मठ समिति, पूर्व विधायक डॉ. भानु राणा, तुलसी फाउंडेशन समिति के अध्यक्ष प्रदीप राजोरिया, अलकेश जैन मित्र मंडली एवं समर्थकों का विशेष सहयोग रहा।
कावड़ यात्रा के दौरान देवरी में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। हर ओर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों ने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया।


