‘नमामी भारतम’ कार्यक्रम के तहत विद्या भारती ने कराया आयोजन, भारत माता के जयघोष से हुआ समापन
गौरझामर। गिरीश शर्मा
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के आह्वान पर ‘नमामी भारतम’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार 25 सितंबर को सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गौरझामर में सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के स्वरों से गूंज उठा।
विक्रम संवत 2083, भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्दशी के पावन अवसर पर प्रातः 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य परिवार एवं भैया-बहनों ने एक स्वर में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। विद्यार्थियों और आचार्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि प्रियंका दीदी, सरपंच श्रीमती बबीता विश्वकर्मा, महामंत्री उमा खटीक सहित नीलमा, करण, प्रीतम सिंह लोधी, संतोष सोनी एवं ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में वंदे मातरम के महत्व तथा राष्ट्रीय एकता की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। सामूहिक वंदे मातरम गायन के बाद भारत माता के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


