एक हजार से अधिक कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा के साथ कराई भोजन प्रसादी की व्यवस्था
सागर: सावन के पावन अवसर पर मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर लौट रही तुलसी फाउंडेशन की कांवड़ यात्रा का जिला पंचायत कार्यालय के सामने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भव्य स्वागत किया। एक हजार से अधिक कांवड़ यात्रियों का पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया गया और पुष्पवर्षा के साथ भोजन प्रसादी की व्यवस्था कराई गई।
स्वागत के बाद मंत्री राजपूत स्वयं कंधे पर कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं के साथ पैदल चले। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
मंत्री राजपूत ने कहा कि “हर कांवड़ यात्री सनातन धर्म का सशक्त प्रहरी है।” उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, त्याग, अनुशासन और संस्कारों की परंपरा है, जो नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ती है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरखी के मंगल भवन में ठहरने सहित भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं। तुलसी फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


