ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

,

देवरी:राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस पर नेहरू कॉलेज में विविध कार्यक्रम आयोजित, नशे से दूर रहने का लिया संकल्प

Author Picture
Published On: September 24, 2026

नशामुक्ति की शपथ से लेकर स्वच्छता व वृक्षारोपण तक, NSS स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने दिया सेवा का संदेश

 

देवरी। म.प्र. शासन उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय देवरी में 24 सितंबर, गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश दुबे ने विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार को नशे से दूर रहने तथा समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर आगे बढ़ना चाहिए। युवाओं के जागरूक होने से नशामुक्त भारत की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है।

शपथ के बाद नशामुक्ति रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई कर श्रमदान किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी शिवलाल अहिरवार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में समाजसेवा, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सेवा गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक बदलाव में सहभागी बन सकते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. जी.आर. चौहान, डॉ. कलम सिंह डुडवे, भगवत सिंह पटेल, डॉ. मनीषा पाण्डे, डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, डॉ. हरिशंकर सेन, ज्योति तिवारी, विनोद सोनी सहित एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति, स्वच्छता, श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।