पुलिस थाना परिसर में क्रेडिट एक्सेस इंडिया ने भेंट की उपयोगी सामग्री
फाउंडेशन की पहल से पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाओं में होगा इजाफा
देवरी। सामाजिक सरोकार के तहत क्रेडिट एक्सेस इंडिया फाउंडेशन की ओर से पुलिस थाना परिसर में उपयोगी सामग्री भेंट की गई। संस्था द्वारा थाना परिसर में अलमारी, कुर्सियां एवं अन्य कार्यालयीन उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य पुलिस विभाग को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ थाना परिसर में आने वाले नागरिकों की सुविधा को बेहतर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी हरिराम मानकर सहित पुलिस विभाग के स्टाफ की मौजूदगी में संस्था की ओर से सामग्री सौंपी गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से क्रेडिट एक्सेस इंडिया फाउंडेशन के सामाजिक सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बताया गया कि इस तरह के सामाजिक प्रयासों से पुलिस विभाग और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलती है। थाना परिसर में आने वाले नागरिकों को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने से सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के एरिया मैनेजर मदन भदौरिया, संदीप नापित, ब्रांच मैनेजर पुरुषोत्तम पटेल, केंद्र मैनेजर सोनू सहित गोविंद, नारायण, अनिल, नितिन, आकाश, राजेंद्र, गणेश एवं संस्था के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


