देवरी। एमपी हिंदी न्यूज़
नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर देवरी में स्थानीय बैंक, विद्युत विभाग एवं नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण और आमजन तक इसकी जानकारी पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति देवरी अनिल कुमार करोरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई।बैठक में जिला न्यायालय से संबंधित न्यायिक अधिकारियों सहित स्थानीय बैंक शाखा प्रबंधक, विद्युत विभाग, बीएसएनएल एवं नगर पालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक अदालत के प्रचार-प्रसार पर जोर
बैठक के दौरान नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए गए कि 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। आमजन को लोक अदालत के माध्यम से मिलने वाली शासन की छूट एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी देने के लिए कार्यालय परिसर में बैनर लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
अविलंब तैयार करें प्रकरण
विद्युत विभाग देवरी एवं बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि नेशनल लोक अदालत के लिए संबंधित प्रकरण तैयार कर अविलंब प्रस्तुत करें, ताकि समय रहते पक्षकारों को नोटिस की तामील कराई जा सके और अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निराकरण संभव हो।
आमजन से लोक अदालत का लाभ लेने की अपील
नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को सिविल न्यायालय देवरी में किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि वे लोक अदालत के माध्यम से शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही छूट एवं अन्य लाभों का उपयोग करें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित बैंक शाखा अथवा तहसील विधिक सेवा समिति, सिविल न्यायालय देवरी से संपर्क किया जा सकता है।

