रात 10 बजे बाद नहीं बजेगा साउंड सिस्टम, अखाड़ों में धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर रहेगी रोक
गौरझामर। गिरीश शर्मा
नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गौरझामर थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी नासिर फारुकी ने की। इसमें नगर के विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों के साथ अखाड़ा संचालक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में बीजासेन माई दुर्गा पंडाल, बस स्टैंड स्थित दुर्गा पंडाल, मेन रोड स्थित दुर्गा पंडाल और पुत्री शाला स्थित दुर्गा पंडाल समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। थाना प्रभारी ने समितियों को पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, बिजली व्यवस्था तथा आयोजन के दौरान आवश्यक सावधानियों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
अखाड़ों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत
नवरात्रि के दौरान निकलने वाले आयोजनों को लेकर धर्मवीर अखाड़ा, पवनसुत आजाद अखाड़ा और बजरंग अखाड़ा के संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी नासिर फारुकी ने स्पष्ट कहा कि अखाड़ों में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार का प्रदर्शन नहीं किया जाए। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
रात 10 बजे बाद साउंड सिस्टम पर रोक
थाना प्रभारी ने दुर्गा पंडाल समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी पंडाल में साउंड सिस्टम नहीं बजाया जाएगा। निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समितियों से अपील की कि धार्मिक आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी समितियां आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ आयोजन करें, ताकि पूरे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे का माहौल बना रहे।
बैठक में सरपंच बबीता विश्वकर्मा, ग्राम पंचायत सचिव गोविंद तिवारी, प्रीतम सिंह लोधी, राजेंद्र तिवारी, सत्यनारायण ठाकुर, देवेंद्र नामदेव सहित विभिन्न दुर्गा पंडाल समितियों एवं अखाड़ों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


