ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

चंद मिनटों में राख हुआ आशियाना, आग ने उजाड़ा वृद्ध विधवा महिला का घर

वृद्ध विधवा महिला के कच्चे मकान में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान जलकर खाक,मदद की लगाई गुहार

जैसीनगर, सागर | एमपी हिंदी न्यूज

जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ओरिया में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक वृद्ध विधवा महिला के कच्चे मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में महिला का आशियाना जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम ओरिया निवासी करीब 50 वर्षीय श्यामबाई के पति इमरत धानक का कुछ महीने पहले ही निधन हुआ है। उनके बेटे मजदूरी करते हैं और गांव में अलग मकान में रहते हैं। रविवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक श्यामबाई के कच्चे मकान में आग भड़क उठी।

आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते मकान पूरी तरह जल गया।

आगजनी की इस घटना में घर में रखा गृहस्थी का पूरा सामान, कपड़े, बर्तन, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। अचानक हुए इस नुकसान से श्यामबाई के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद पीड़ित महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने शासन-प्रशासन से इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है, ताकि उन्हें दोबारा अपना आशियाना और जरूरी गृहस्थी का सामान जुटाने में मदद मिल सके।