विभागस्तरीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए कई पुरस्कार, विजेता छात्र-छात्राओं का प्रमाण पत्र देकर किया सम्मान
देवरी। पथरिया में हाल ही में आयोजित विभागस्तरीय संस्कृति महोत्सव प्रतियोगिताओं में सरस्वती शिशु मंदिर देवरी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। बुधवार को विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर सभी विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गायन और कविता पाठ में प्रथम स्थान
प्रतियोगिताओं में बहिन कनुप्रिया चौरसिया (पिता मयंक चौरसिया) एवं बहिन नित्या बडेरिया (पिता महेंद्र बडेरिया) ने शास्त्रीय गायन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बहिन स्तुति चौरसिया (पिता आशीष चौरसिया) ने स्वरचित कविता पाठ में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।वैष्णवी साहू (पिता पवन साहू) ने शास्त्रीय नृत्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पूजा दांगी, प्रतिज्ञा दांगी एवं मानसी कुर्मी की टीम ने ‘वंदे मातरम्’ गायन में द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में राजनंदिनी दांगी एवं अवनी दांगी ने वंदना गायन में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। प्रज्ञा कुर्मी ने तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान, जबकि प्रिया राजपूत ने कथाकथन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेता विद्यार्थियों का किया सम्मान
इस उपलब्धि के अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष मिथलेश ब्रह्मपुरिया, व्यवस्थापक श्री मयंक चौरसिया एवं प्राचार्य सुनील कुमार तिवारी ने विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मिथलेश ब्रह्मपुरिया ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करती हैं। वहीं प्राचार्य सुनील कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।विभागस्तरीय संस्कृति महोत्सव में विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से सरस्वती शिशु मंदिर देवरी के विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।


