बेलढ़ाना लौट रहे युवक की मोटरसाइकिल पुल पर दुर्घटनाग्रस्त; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हादसे की परिस्थितियों की जांच जारी
देवरी : त्रिवेंद्र जाट
शुक्रवार रात देवरी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बेलढ़ाना निवासी प्रशांत पिता विजय सेन, उम्र करीब 26 वर्ष, शुक्रवार रात लगभग 10:15 बजे मोटरसाइकिल से सेमरा खेड़ी बायपास रोड से पटेल वार्ड बायपास होते हुए अपने घर बेलढ़ाना जा रहा था। इसी दौरान माता हरसिद्धि मंदिर के सामने स्थित पुल पर उसकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में युवक को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना में उसकी मौत हो गई।हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल एवं थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।


