सागर जिला अधिवक्ता संघ चुनाव: 7 वोट से अन्नी दुबे की जीत, कलेक्ट्रेट से तीन बत्ती तक निकला विजय जुलूस
सागर:एमपी हिंदी न्यूज़।
जिला अधिवक्ता संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव में अध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। कांटे की टक्कर के बीच अन्नी दुबे ने महज 7 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद अपने नाम किया। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल नजर आया।
जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अन्नी दुबे के नेतृत्व में विजय जुलूस निकाला गया। कलेक्ट्रेट से शुरू हुआ जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ तीन बत्ती पहुंचा। यहां डॉ. सर हरिसिंह गौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विजय जुलूस का समापन किया गया।
अन्य पदों पर भी तस्वीर साफ
चुनाव में अध्यक्ष के अलावा अन्य महत्वपूर्ण पदों के परिणाम भी सामने आ गए हैं। इनमें सचिव पद पर जितेंद्र राठौर, सह-सचिव पद पर अरविंद नेमा और कोषाध्यक्ष पद पर आरती जैन निर्वाचित हुईं।कार्यकारिणी समिति में आकाश उपाध्याय, करण जैन, रजत बोहरे, नरेंद्र लोधी, किरण कला सैनी और सुनीता विश्वाय सहित अन्य सदस्यों ने जगह बनाई है।
उपाध्यक्ष पद पर अभी सस्पेंस
चुनाव का एक परिणाम अभी बाकी है। उपाध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर के चलते रिकाउंटिंग जारी है। इसी वजह से इस पद का अंतिम परिणाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुनर्मतगणना पूरी होने के बाद ही उपाध्यक्ष पद की तस्वीर साफ होगी।


