भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा गांव-गांव नशामुक्ति अभियान चलाकर लोगों को किया जा रहा जागरूक
गौरझामर,गिरीश शर्मा
ग्राम खामखेड़ा में कथित रूप से हो रही अवैध शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों और भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से गांव में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन में ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि गांव में शराब के ठेके खुलने और अवैध रूप से शराब की बिक्री होने से युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इसके साथ ही महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आए दिन विवाद और अन्य घटनाएं होने की बात भी कही गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को नशामुक्ति, मांसाहार से दूरी तथा चरित्रवान एवं चेतनावान जीवन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ऐसे में गांव में अवैध शराब की बिक्री से संगठन के नशामुक्ति अभियान के उद्देश्यों पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों और संगठन ने ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम खामखेड़ा में बिक रही अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही पुलिस प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।


