वरिष्ठ पत्रकार राजाराम सोनी के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक, जनसंपर्क कार्यालय ने अर्पित की श्रद्धांजलि
लेखनी से जनहित की आवाज उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सहयोगियों और पत्रकारों ने जताया गहरा दुःख
सागर। एमपी हिंदी न्यूज़।
मध्यप्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिमान्य पत्रकार श्री राजाराम सोनी (74 वर्ष) के निधन की खबर से सागर के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। लंबे समय तक अपनी लेखनी के माध्यम से जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले श्री सोनी के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
श्री राजाराम सोनी, सागर के अधिमान्य पत्रकार आशुतोष सोनी के पिता थे। उनके निधन पर संभागीय जनसंपर्क कार्यालय, सागर में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संयुक्त संचालक श्री लक्ष्मण सिंह, सहायक संचालक श्रीमती सौम्या समैया सहित जनसंपर्क कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री सोनी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
लेखनी के माध्यम से जनहित को दी आवाज
शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जनसंपर्क अधिकारियों ने कहा कि श्री राजाराम सोनी ने अपनी दीर्घ पत्रकारिता यात्रा में सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े विषयों को अपनी लेखनी के माध्यम से प्रमुखता से सामने रखा। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके अनुभव, सरल व्यक्तित्व और समाचारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरण की जाएगी।
सहकर्मी पत्रकारों का कहना है कि श्री सोनी उन पत्रकारों में शामिल रहे, जिन्होंने खबर को केवल समाचार तक सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज से जुड़े मुद्दों को सामने लाने और आमजन की आवाज को मंच देने को पत्रकारिता का महत्वपूर्ण दायित्व माना।
उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार को खो दिया है। उनकी पत्रकारिता यात्रा और जनसरोकारों से जुड़ी सक्रियता आने वाली पीढ़ी के पत्रकारों के लिए भी प्रेरणादायी रहेगी।
एमपी हिंदी न्यूज़ परिवार ने जताया शोक
एमपी हिंदी न्यूज़ परिवार ने भी वरिष्ठ पत्रकार श्री राजाराम सोनी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। परिवार की ओर से कहा गया कि श्री सोनी का पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान और समाज से जुड़े विषयों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने लाने का कार्य सदैव स्मरणीय रहेगा।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, परिजनों, मित्रों और पत्रकार साथियों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि🙏


