मक्का की फसल को करीब 100 फीसदी नुकसान का दावा, टमाटर-शिमला मिर्च समेत उद्यानिकी फसलें भी प्रभावित
देवरी, सागर। देवरी विधानसभा क्षेत्र के देवरी और केसली विकासखंड में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा अब प्रशासन के सामने पहुंच गया है। पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने सागर कलेक्टर को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराने और उन्हें नियमानुसार राहत राशि एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पूर्व मंत्री ने अपने पत्र में बताया कि क्षेत्र के अनेक गांवों में हालिया अतिवृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पत्र के अनुसार मक्का की फसल को लगभग 100 प्रतिशत तक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा टमाटर, शिमला मिर्च सहित अन्य उद्यानिकी फसलें भी अत्यधिक बारिश के कारण खराब होने की बात कही गई है।
पूंजी और मेहनत पर पानी फिरने की चिंता
हर्ष यादव ने कहा कि किसानों ने अपनी मेहनत और बड़ी लागत लगाकर फसलें तैयार की थीं, लेकिन प्राकृतिक आपदा के चलते फसलों को नुकसान होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई किसानों की सालभर की आय प्रभावित होने के साथ आगामी कृषि कार्यों के लिए भी आर्थिक परेशानियां बढ़ने की आशंका है।
संयुक्त टीम से सर्वे कराने की मांग
पूर्व मंत्री ने कलेक्टर से मांग की है कि राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित गांवों में तत्काल सर्वे कराया जाए। उन्होंने फसल क्षति का पारदर्शी तरीके से आकलन कर प्रत्येक किसान को उसकी वास्तविक क्षति के आधार पर नियमानुसार राहत और मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे। इसके लिए ग्रामवार फसल क्षति का अभिलेख तैयार कर पात्र किसानों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
लगातार बारिश के बीच फसलों को हुए नुकसान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में प्रभावित किसान अब प्रशासन की ओर से होने वाले सर्वे और राहत-मुआवजे की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।


