ब्रेकिंग न्यूज़

—Advertisement—

गांधी जयंती पर गांधी चौक की सफाई को जिम्मेदारों का इंतजार, ग्रामीणों और युवक मंडल ने संभाला मोर्चा

दोपहर 12 बजे तक सफाई नहीं हुई तो नगर विकास मंच ने संभाली जिम्मेदारी; गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बांटा प्रसाद, इतवारा बाजार की खुली नाली और दशहरा मैदान की गंदगी ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

गौरझामर । महात्मा गांधी की जयंती पर जहां पूरे देश में स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया जा रहा था, वहीं गौरझामर के गांधी चौक पर दोपहर तक सफाई नहीं होने के बाद ग्रामीणों, जागरूक पत्रकारों और नगर विकास मंच युवक मंडल के सदस्यों ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया। युवाओं और ग्रामीणों ने गांधी चौक की सफाई की और इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रसाद वितरित किया।

गौरझामर का गांधी चौक स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृतियों से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है। स्थानीय जानकारों के अनुसार स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारत भ्रमण के क्रम में महात्मा गांधी गौरझामर भी आए थे। स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति से जुड़े बजरिया क्षेत्र में गांधी चौक विकसित कर उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।

दोपहर तक सफाई नहीं, लोगों ने खुद उठाए झाड़ू

गांधी जयंती के अवसर पर गांधी चौक की साफ-सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। दोपहर 12 बजे तक जब सफाई नहीं हुई तो नगर विकास मंच युवक मंडल, पत्रकारों और ग्रामीणों ने स्वयं सफाई शुरू कर दी। सफाई के बाद गांधी प्रतिमा पर फूलमाला अर्पित कर लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर गांधी प्रतिमा स्थल की सफाई प्राथमिकता में होनी चाहिए थी। लोगों ने सवाल उठाया कि ऐसे आयोजनों और स्वच्छता अभियानों के दौरान जिन जिम्मेदार विभागों पर व्यवस्था की जिम्मेदारी होती है, उनकी सक्रियता मौके पर क्यों नजर नहीं आई।

इतवारा बाजार में महीनों से खुली नाली, दशहरा मैदान में कचरे का अंबार

गांधी चौक की सफाई के साथ ही गौरझामर के इतवारा बाजार और दशहरा मैदान की स्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई। लोगों के अनुसार इतवारा बाजार में शासकीय विद्यालय के द्वार के समीप महीनों से नाली खुली पड़ी है। इससे आवागमन के साथ स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर भी परेशानी बनी हुई है।

वहीं ऐतिहासिक दशहरा मैदान में भी कचरा जमा होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर शासन स्तर पर सेवा और स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कस्बे के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई व्यवस्था की आवश्यकता बनी हुई है।

ग्रामीणों एवं नगर विकास मंच के सदस्यों ने प्रशासन से गांधी चौक सहित पूरे बाजार क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, खुली नाली की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा दशहरा मैदान की सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐतिहासिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।