जिला कलेक्टर ने किया देवरी सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र का औचक निरीक्षण
व्यवस्थाओं का लिया जायजा, मरीजो के जाने हाल, सीडीपीओ को नोटिस
देवरी: शनिवार को जिला कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र देवरी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके हाल
एवं सुविधाओं का फीड बैक लिया। इस अवसर पर उन्होने चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सकों एवं स्वास्थ अमले से भी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पोषण पुनर्वास केंद्र निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाये जाने पर उन्होने
सीपीडीओ को कारण बताओं नोटिस जारी किये जाने निर्देश दिये है।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचकर गर्भवती महिलाओं से चर्चा कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से आशा ,एएनम के भ्रमण के संबंध में पूछताछ की। इसी प्रकार एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) प्रकरणों की जानकारी ली तथा आशा, एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। एचआरपी प्रकरणों में अनमोल पोर्टल पर नियमित विजिट दर्ज नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर बीसीएम के प्रति नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लेबर रूम का निरीक्षण कर प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं एएनसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी आवश्यक जांचें समय पर कराई जाएं और गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए अनावश्यक रूप से अन्यत्र न जाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिला के परिजनों ने प्रसव पश्चात शासकीय लाभ के बारे में जानकारी चाही। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं के लाभ से दिया जाएगा। श्रीमती पाल ने स्वास्थ्य केंद्र के रसोईघर का निरीक्षण कर खाद्यान्न के भंडारण एवं उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल स्टोर के स्टॉक और पैथोलॉजी से जांच की रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को केंद्र की व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए तथा बच्चों की देखभाल में लापरवाही बरतने पर प्रभारी सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।


